रायपुर ब्रेकिंग : अश्वनी नगर में युवक की हत्या, चार विधि से संघर्षरत बालक हिरासत में



रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए AIIMS रायपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे अश्वनी नगर में एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुरानी बस्ती पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल AIIMS अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और जांच शुरू की गई।

ट्रेन से भागने की कोशिश में तीन आरोपी पकड़े गए
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात में शामिल आरोपी रात में ट्रेन के जरिए शहर से बाहर भागने का प्रयास कर रहे हैं। इस सूचना पर रायपुर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के साथ समन्वय स्थापित किया। तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों को बिलासपुर में, जबकि एक अन्य को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया। इस तरह मामले में कुल चार आरोपियों को पकड़ा गया है।
आपसी रंजिश में हत्या की प्रारंभिक जानकारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया है कि हत्या की वारदात को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। पकड़े गए सभी आरोपी नाबालिग हैं और उनसे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से एक विधि से संघर्षरत बालक कुछ दिन पहले ही एक अन्य लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। बाहर आने के बाद वह कथित तौर पर इस हत्या की वारदात में भी शामिल हो गया।
पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ के साथ हत्या के कारण, घटनाक्रम और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।











