ब्लास्टिंग की लापरवाही ने छीना सुकून पत्थर उछला, युवक का जबड़ा टूटा



लखन हरवानी : बलौदाबाजार। ग्राम रवान स्थित सीमेंट संयंत्र में शनिवार को हुए एक गंभीर हादसे ने सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खदान में ब्लास्टिंग के दौरान लापरवाही के चलते उछलकर आया एक बड़ा पत्थर पेट्रोल पंप पर खड़े युवक के चेहरे पर जा लगा और उसका चेहरा चीरते हुए जबड़ा भी टूट गया।घायल युवक की पहचान चुकुराम गायकवाड़, निवासी मुगियाडीह के रूप में हुई है, जो पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवा रहा था। हादसे के बाद इलाके में दहशत फैल गई और घायल युवक को तत्काल बलौदा बाजार पुलिस स्टेशन के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर्स की टीम उसकी स्थिति पर निगरानी रख रही है स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ साल पहले ब्लास्टिंग के दौरान सायरन बजाकर लोगों को सचेत किया जाता था और खदान के आसपास आवाजाही को रोक दिया जाता था, लेकिन अब इन सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया जा रहा है। यह लापरवाही आम नागरिकों की जान जोखिम में डाल रही है। इससे पहले भी ब्लास्टिंग के दौरान उछले पत्थरों से लोग चोटिल हो चुके हैं।
सेफ्टी ड्रिल पर उठे सवाल
जिले में सेफ्टी ड्रिल के आयोजन के बावजूद यह हादसा घटित हुआ, जिससे प्रशासन के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं। कलेक्टर के आदेश पर सुरक्षा उपकरणों का उपयोग और सुरक्षित कार्यपद्धति पर जोर दिया गया था, लेकिन यह दुर्घटना दिखाती है कि इन आयोजनों का वास्तविक असर नहीं हो रहा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब शुक्रवार को ही कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी सीमेंट प्लांट्स और बड़े उद्योगों में सेफ्टी ड्रिल का आयोजन किया गया था। हालांकि, इस घटना ने इस तरह के आयोजनों पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है, क्योंकि महज दूसरे ही दिन सीमेंट प्लांट में सुरक्षा नियमों की अनदेखी से एक गंभीर दुर्घटना हो गई।
स्थानीय लोगों का आक्रोश
घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और स्थानीय लोग जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।











