LIVE UPDATE

Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 04 खपरी रोड में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मकान में अचानक आग लगने से पूरा इलाका दहशत में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा आग पर काबू पाने के साथ बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस के अनुसार, आग लगने के दौरान मकान के अंदर मौजूद चार लोग उसकी चपेट में आ गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में होमदास वैष्णव (40 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष), चांदनी (17 वर्ष) और दो वर्षीय मासूम गोपिका शामिल हैं।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासन ने कहा है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।

Related Articles