कसडोल स्वामी आत्मानंद स्कूल नकल कांड पर भड़का ABVP, 45 डिग्री तापमान में 2 घंटे किया उग्र प्रदर्शन



चंदन जायसवाल : कसडोल। कसडोल स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान कथित नकल कांड को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शुक्रवार को उग्र प्रदर्शन किया। नकल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छात्रों और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री तापमान के बीच ABVP कार्यकर्ताओं ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन करते हुए दोषी शिक्षकों और परीक्षा केंद्र प्रभारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के नाम ज्ञापन सौंपकर आंदोलन समाप्त किया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे ABVP के जिला संयोजक मलय साहू ने कहा कि आत्मानंद जैसे प्रतिष्ठित विद्यालय में इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो परिषद जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में एस.के. चिलक, प्रभात तिलक, गौतम साहू, मयंक साहू, अमित केसरी, नंदन निर्मलकर, प्रमोद साहू, अनुज, आकाश, जयंत, उज्जवल दीवान, निखिल साहू, नवीन साहू, सुधांशु साहू और हिमांशु सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।











