LIVE UPDATE

रामभद्राचार्य और संतों का अपमान जनता बर्दाश्त नहीं करेगी : भाजपा

बलौदाबाजार। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत द्वारा चिरमिरी में चल रही जगद्गुरु रामभद्राचार्य की कथा और पूज्य संतों को लेकर दिए गए अमर्यादित बयान पर ऐतराज जताया है। आनंद यादव ने इसे महंत का ‘सनातन विरोधी’ और ‘मानसिक दिवालियापन’ से भरा बयान करार दिया है। भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति और गांधी परिवार की गुलामी में अंधे होकर कांग्रेस नेता महंत ने अपनी मर्यादा खो दी है।

करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र, महान विद्वान जगद्गुरु रामभद्राचार्य और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सहित देश के प्रतिष्ठित संतों को ‘फर्जी’ कहना और उन्हें ‘बाबा’ कहकर अपमानित करना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ की धर्मप्राण जनता संतों का यह अपमान कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। यादव ने नेता प्रतिपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महंत अब कांग्रेस आलाकमान की नजरों में नंबर वन बनने की होड़ में शामिल हो गए हैं। राहुल गांधी, उदयनिधि स्टालिन और ममता बनर्जी जैसे घोर सनातन विरोधियों के नक्श-ए-कदम पर चलते हुए महंत भी अब उसी ‘सनातन उन्मूलन’ वाली गन्दी मानसिकता का हिस्सा बन चुके हैं। दिल्ली के आकाओं को खुश करने के लिए वे छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर संतों को गाली देने का पाप कर रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष यादव ने महंत के कण-कण में भगवान वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जिन कांग्रेसियों को भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते और रामलला के मंदिर के आमंत्रण को ठुकराते हुए लज्जा तक नहीं आई, आज वे सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए छद्म ज्ञान बांट रहे हैं।

Related Articles