दौनाझर में वर्षों पुरानी पुल की मांग पूरी करने ग्रामीणों ने खुद उठाया जिम्मा, खुद पैसा इकट्ठा कर पुल निर्माण कर रहे हैं



चंदन जायसवाल : कसडोल। कसडोल जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत घिरघोल के आश्रित ग्राम दौनाझर में वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष पुल निर्माण की मांग रखी, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में आवागमन काफी प्रभावित होता है, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए गांव के लोगों ने सरपंच, पंच, विधायक, जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सहयोग नहीं मिलने पर अब ग्रामीणों ने स्वयं आगे आकर पुल निर्माण का निर्णय लिया है। ग्रामीण आपस में चंदा एकत्र कर लगभग 8 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण कराने की तैयारी में जुट गए हैं। गांव के लोगों का कहना है कि यह पुल क्षेत्र के विकास और आवागमन की सुविधा के लिए बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते शासन-प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान दिया जाता तो उन्हें स्वयं आर्थिक बोझ उठाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। फिलहाल गांव के लोग एकजुट होकर श्रमदान और आर्थिक सहयोग के माध्यम से पुल निर्माण कार्य को पूरा करने का संकल्प ले चुके हैं।
ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए ऐसे जरूरी निर्माण कार्यों के लिए शीघ्र स्वीकृति और बजट उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को अपनी आवश्यकताओं के लिए स्वयं संसाधन जुटाने के लिए मजबूर न होना पड़े।










