रायपुर में स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, राजीव गांधी चौक पर धरना
स्मार्ट मीटर उखाड़ने की मांग तेज : कन्हैया



रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल एवं असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के नेतृत्व में आज स्थानीय राजीव गांधी चौक पर एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन स्मार्ट मीटर की प्रक्रिया को तत्काल बंद करने, लगाए गए स्मार्ट मीटरों को उखाड़ फेंकने और बेतहाशा बढ़े बिजली बिलों को कम करने की मांग को लेकर किया गया।
धरना स्थल पर विरोध दर्ज कराने का अनोखा तरीका देखने को मिला, जहां पुराने बिजली मीटर को कुर्सी पर रखकर उसकी बाकायदा आरती उतारी गई और उसे पुनः स्थापित करने की प्रार्थना की गई। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।




बिजली कंपनियों के निजीकरण की साजिश: कन्हैया अग्रवाल
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा, “स्मार्ट मीटर ने हर वर्ग के व्यक्ति का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। जनता ने जिस सरकार को जनहित के लिए चुना था, वह आज अदानी और अपने स्वहित में काम कर रही है। बुलेट ट्रेन से भी तेज रफ्तार से चलने वाले यह स्मार्ट मीटर देर-सबेर बिजली कंपनियों के निजीकरण का ही एक नमूना हैं। स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगे और बढ़े हुए बिलों की जांच कर जनता को राहत दी जाए।”
सरकारी महापुरुष अभिनंदन के नाम पर लूट: एजाज ढेबर
पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “एक तरफ विष्णुदेव साय सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को ₹1,000 दे रही है, तो दूसरी तरफ ‘सरकारी महापुरुष अभिनंदन’ और स्मार्ट मीटर के नाम पर हर घर से ₹5,000 की वसूली कर रही है। कांग्रेस शासनकाल की जनहितकारी योजनाओं को बंद करके यह सरकार हर घर को लूटने में लगी है। कांग्रेसजन पीड़ित जनता के साथ मिलकर इस संगठित लूट को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
राजस्थान और यूपी की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी उखाड़ेंगे मीटर: सिद्दीक
असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने कहा, “भाजपा शासित राजस्थान और उत्तर प्रदेश की जनता पहले ही स्मार्ट मीटरों को उखाड़ चुकी है। छत्तीसगढ़ के कवर्धा से भी इसकी शुरुआत हो चुकी है और अब राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में जनता व कांग्रेसजन इस जबरन थोपे जा रहे स्मार्ट मीटर को उखाड़ फेंकेंगे। एक तरफ सरकार कहती है कि स्मार्ट मीटर अनिवार्य नहीं है, वहीं दूसरी ओर अदानी के कर्मचारी जबरदस्ती मीटर लगा रहे हैं।”
धरने को पूर्व पार्षद मदन तालेड़ा, सुंदर जोगी, नरेश गढ़पाल, राजेंद्र जैन, सुरेश बाफना, अस्सू भाई, बाबा मसीह, मोहम्मद फहीम, श्रीमती सुषमा ध्रुव , करण राज ,, राजेश त्रिवेदी, शरद गुप्ता ,राजू नायक, सुरेश बुधानी ने भी संबोधित किया। धरने में पुरुषोत्तम शर्मा (पोशी), आनंद पांचाल,मोहम्मद शाहिद,मानसिंह गिलहरे,अजय दास सन्नी,तहसीन खान ,मनीष दास,मुस्तफा खान,आवेश अशरफी ,जावेद दद्दा ,मीरा सोनी ,मोहन , विजय बाफना , सैफुल्लाह, ऋषि देवांगन, मुकुंद कागदेलवार ,महावीर देवांगन, ईश्वर चक्रधारी ,बाकर अब्बास, देवेंद्र पवार, पूनम यादव, निक्की खान, मीना अग्रवाल ,सागर वाकडे, विष्णु राजपूत, विनोद यादव ,संजू सोनकर, राजेश केडिया सहित नागरिकगण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









