विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के सतत प्रयासों से बसना में चमकेगा ग्रामीण सड़क नेटवर्क, 8.38 करोड़ से अधिक की लागत से बनेंगी दो महत्वपूर्ण सड़कें





बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में मजबूत अधोसंरचना और सुगम आवागमन को धरातल पर उतारने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की सतत सक्रियता और जनहितैषी प्रयासों को एक और बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्रालय द्वारा बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दो प्रमुख ग्रामीण मार्गों के डामरीकरण व निर्माण कार्य हेतु 838.42 लाख रुपये (आठ करोड़ अड़तीस लाख बयालीस हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति विधिवत प्रदान कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री अरुण साव का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल दो महत्वपूर्ण मार्गों रिखादादर से परसवानी मार्ग कुल लंबाई 2.45 किलोमीटर एवं बरपेलाडीह से पीपलखुंटा मार्ग कुल लंबाई 3.20 किलोमीटर के निर्माण हेतु वित्त विभाग की सहमति के उपरांत प्रशासकीय स्वीकृति की मुहर लगाई गई ।

क्षेत्रवासियों को मिली इस ऐतिहासिक सौगात पर हर्ष व्यक्त करते हुए बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि बसना विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, हर गांव तक पक्की सड़क, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। रिखादादर से परसवानी और बरपेलाडीह से पीपलखुंटा मार्ग की स्थिति को लेकर ग्रामीणजन लंबे समय से मांग कर रहे थे। क्षेत्रवासियों की इस बहुप्रतीक्षित आवश्यकता को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा गया, जिसे सहृदयता से स्वीकार करते हुए आज प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए मैं प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी एवं उप मुख्यमंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव जी का पूरे क्षेत्र की जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे विस्तार से बताते हुए कहा कि प्रदेश में विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार जन-आकांक्षाओं को पूर्ण करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जब किसी क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछता है, तो केवल दूरी ही कम नहीं होती, बल्कि वहां की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है। इन मार्गों के पक्के बन जाने से स्थानीय किसानों को अपनी उपज मंडियों तक ले जाने में सहूलियत होगी, स्कूली छात्र-छात्राओं और महाविद्यालयीन युवाओं का सफर सुरक्षित होगा, मरीजों को समय पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी तथा छोटे व्यापारियों के कारोबार में वृद्धि होगी।
करोड़ों रुपये की इस सड़क परियोजना की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रिखादादर, परसवानी, बरपेलाडीह, पीपलखुंटा सहित समूचे अंचल के प्रबुद्धजनों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।











