Google Map पर भरोसा पड़ा भारी, खाई में गिरी कार, बाल-बाल बची महिला की जान
बेलापुर से उल्वे जा रही महिला को गूगल मैप ने समुद्री ब्रिज की जगह जेट्टी की ओर मोड़ा। पुलिस और समुद्री सुरक्षा टीम की तत्परता से महिला को सुरक्षित बचाया गया।


नवी मुंबई, एजेंसी। नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में शुक्रवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां गूगल मैप के गलत निर्देशों का पालन करने के कारण एक महिला अपनी ऑडी कार समेत खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि पुलिस और बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से महिला को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
ये भी पढ़ें – अजब-गजब मामला: किसान की सालाना आय मात्र 3 रुपये, सोशल मीडिया पर बना ‘भारत का सबसे गरीब आदमी’
क्या है पूरा मामला?


मिली जानकारी के अनुसार, खारघर में सैलून का व्यवसाय करने वाली एक महिला देर रात करीब 1 बजे बेलापुर से अपने घर उल्वे लौट रही थीं। अकेले होने के कारण उन्होंने रास्ते के लिए गूगल मैप का सहारा लिया। लेकिन, ऐप ने उन्हें सी-ब्रिज की ओर ले जाने के बजाय ध्रुवतारा जेट्टी की ओर जाने वाला गलत रास्ता दिखा दिया। अंधेरे और अपरिचित रास्ते के कारण महिला को गलती का एहसास नहीं हुआ और उनकी कार सीधे खाई में जा गिरी।
पुलिस और बचाव दल ने बचाई जान
कार के खाई में गिरते ही आसपास के लोगों ने तुरंत बेलापुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम समुद्री सुरक्षा दल (Maritime Security Team) के साथ घटनास्थल पर पहुंची। बचाव अभियान में स्थानीय प्रशासन और नावों की भी मदद ली गई। पुलिस और समुद्री सुरक्षा टीम ने मिलकर बचाव कार्य शुरू किया और महिला को मामूली चोटों के साथ कार से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों ने बताया कि अगर समय पर बचाव कार्य शुरू नहीं होता तो परिणाम गंभीर हो सकते थे।
तकनीक पर अंधा भरोसा खतरनाक
यह घटना एक बार फिर तकनीक पर आंख मूंदकर भरोसा करने के खतरों को उजागर करती है। यह कोई पहला मामला नहीं है जब गूगल मैप ने लोगों को गलत या खतरनाक रास्तों पर भेजा हो। पहले भी इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो यह सवाल खड़ा करती हैं कि क्या नेविगेशन ऐप्स का इस्तेमाल करते समय हमें अपनी सूझबूझ को ताक पर रख देना चाहिए? यह हादसा सभी के लिए एक चेतावनी है कि तकनीक का उपयोग सावधानी से किया जाना चाहिए, खासकर अपरिचित और सुनसान इलाकों में।