LIVE UPDATE

बैकुंठ सीमेंट वर्क्स के 1000 श्रमिक दो दिन से धरने पर

तिल्दा-नेवरा। बैकुंठ सीमेंट वर्क्स के लगभग एक हजार श्रमिक अपनी नौ मांगों को लेकर कंपनी के मेन गेट के सामने पिछले दो दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। श्रमिकों ने यह कदम यूनियन के नौ प्रतिनिधियों के निलंबन और उच्च अधिकारियों द्वारा गाली-गलौज व मारपीट के विरोध में उठाया है। यूनियन के संरक्षक शंकर सिंह निर्मलकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया है कि प्रबंधक श्रम विभाग और एसडीएम के हस्तक्षेप के बावजूद बातचीत से इनकार कर रहा है, जिससे 56 वर्षों से संचालित इस उद्योग में तालाबंदी की आशंका है।

निलंबन वापसी मुख्य मांग
श्रमिकों की मुख्य मांग है कि निलंबित किए गए नौ प्रतिनिधियों को बिना शर्त काम पर वापस लिया जाए और प्रबंधन के साथ बातचीत कर विवाद सुलझाया जाए। निर्मलकर ने आरोप लगाया कि एचआर और एडमिन प्रबंधक प्रबीर चट्टोपाध्याय, राजीव सिंघल, नितेश शर्मा, और सुशांत मोहपात्रा जैसे अधिकारियों ने श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की है।

शोषण और मनमानी के आरोप
यूनियन संरक्षक ने बताया कि मजदूरों को अल्ट्राटेक सीमेंट बैकुंठ (आदित्य बिड़ला ग्रुप) के शोषण के लिए छोड़ दिया गया है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जून माह में श्रमिकों को मिलने वाले बोनस एग्रेसिया के नाम पर मामूली राशि देकर खानापूर्ति की गई। इसके अलावा, अगस्त माह में 15-20 वर्षों से कार्यरत 150 श्रमिकों को निकाल दिया गया था। शांति बनाए रखने के बावजूद, यूनियन प्रतिनिधियों को 06/10/25 को निलंबित कर ड्यूटी पर आने से रोक दिया गया, जिसके बाद श्रमिकों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रशासनिक और राजनीतिक उपेक्षा
शंकर सिंह निर्मलकर ने बताया कि पिछले दो वर्षों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, श्रममंत्री लखन लाल देवांगन, क्षेत्रीय विधायक टंक राम वर्मा, सेंट्रल लेबर कमिश्नर, कलेक्टर, और डिप्टी लेबर कमिश्नर सहित अन्य अधिकारियों को लगातार आवेदन दिए गए हैं, लेकिन किसी भी मंत्री या अधिकारी ने आज तक बैकुंठ सीमेंट वर्क्स के श्रमिकों की समस्याओं का संज्ञान नहीं लिया है।

श्रमिकों के धरने को कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी और जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि महेंद्र साहू का समर्थन मिला है। बलौदा बाजार विधानसभा क्षेत्र के श्रमिकों ने विधायक/मंत्री टंक राम वर्मा से अपील की है कि वे उनकी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान करें।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles