बलौदाबाजार को जल संचयन में राष्ट्रीय पुरस्कार मिलाः केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने कलेक्टर दीपक सोनी को 1 करोड़ का चेक सौंपा

बलौदाबाजार। लखन हरवानी : बलौदाबाजार जिले को जल संचयन के क्षेत्र में ‘जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मंगलवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने कलेक्टर दीपक सोनी को एक करोड़ रुपए का चेक और प्रशस्ति पत्र सौंपा। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, राजभूषण चौधरी और जल संसाधन विभाग के ईई एस. के. भदौरिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

जिले का चयन जल संचय के लिए 30,927 संरचनाओं के निर्माण को पूरा करने के आधार पर किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और कलेक्टर दीपक सोनी के नेतृत्व में चलाए गए जल संचय महाअभियान के कारण यह सफलता मिली।
जिला पंचायत के आंकड़ों के अनुसार, जल संचय जनभागीदारी के तहत 31 मई 2025 तक कुल 35,793 संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इनमें नए तालाब, सामुदायिक और निजी डबरी, परकोलेशन टैंक, कुएं, रिचार्ज पिट, गली प्लग, चेकडैम, सोकपिट, अमृत सरोवर, एनीकट, स्टॉपडैम और व्यपवर्तन संरचनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, नहरों का जीर्णोद्धार, स्टेग्रेडेड कंटूर ट्रेंच और गेबियन स्ट्रक्चर भी बनाए गए हैं।

इन संरचनाओं का निर्माण मनरेगा, कैम्पा, सीएसआर फंड, राज्य बजट फंड और अन्य केंद्रीय निधियों के तहत किया गया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि यह पुरस्कार पूरे जिले की सामूहिक भागीदारी और कड़ी मेहनत का परिणाम है, जो जल संरक्षण के प्रति जिले की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Advertisement

Related Articles