कैट छत्तीसगढ़ को मिला नया नेतृत्व, प्रदेशभर में संगठन विस्तार और व्यापारी हितों के लिए बनेगी मजबूत रणनीति




रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन (CAIT) ने छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश नेतृत्व की नई टीम की घोषणा की है। राष्ट्रीय नेतृत्व की अनुशंसा एवं प्रदेश कोर कमेटी की सर्वसम्मति से हुई बैठक में वरिष्ठ व्यापारी नेता श्री परमानंद जैन को प्रदेश अध्यक्ष, युवा व्यापारी नेता श्री अवनीत सिंह को प्रदेश महामंत्री तथा श्री विजय पटेल को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, इसके साथ ही श्री राजेंद्र खटवानी को प्रदेश कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस संबंध में कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के तत्कालीन चेयरमेन श्री जितेन्द्र दोशी, श्री विक्रम सिंहदेव, तत्कालीन अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, तत्कालीन महामंत्री श्री सुरिंदर सिंह, तत्कालीन कोषाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल, तत्कालीन कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेंद्र जग्गी, श्री राम मंथन, श्री वासु माखीजा, श्री भरत जैन, श्री राकेश ओचवानी एवं श्री शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय चेयरमेन श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी की अनुशंसा पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि कैट छत्तीसगढ़ अब प्रदेश के प्रत्येक जिले, तहसील एवं स्थानीय व्यापारिक संगठनों तक मजबूत संगठनात्मक संरचना तैयार करने की दिशा में कार्य करेगा। नई टीम व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापार के अनुकूल नीतियों के निर्माण, ई-कॉमर्स एवं विदेशी कंपनियों की अनुचित व्यापारिक गतिविधियों के खिलाफ संघर्ष, तथा छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सशक्त बनाने, वोकल फॉर लोकल के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारिक जगत अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में एक मजबूत, संगठित एवं सक्रिय व्यापारी संगठन की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। नई टीम अनुभव एवं युवा
नेतृत्व के संयोजन के साथ प्रदेशभर के 12 लाख व्यापारियों के उत्थान एवं प्रगति के लिए जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य करेगी।
राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कैट लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में संगठन प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी की आवाज बनकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि नई टीम व्यापारियों के मुद्दों को स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री विजय पटेल ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं व्यापारी केंद्रित बनाया जाएगा। प्रदेशभर में संगठन विस्तार, व्यापारिक जागरूकता अभियान एवं स्थानीय व्यापारिक इकाइयों के सशक्तिकरण पर विशेष कार्य किया जाएगा, कैट छत्तीसगढ़ आधुनिक कार्यप्रणाली, युवा सहभागिता एवं डिजिटल समन्वय के माध्यम से संगठन को नई दिशा देगा। प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सदस्यता एवं संवाद अभियान चलाया जाएगा, संगठन की पारदर्शी एवं व्यवस्थित कार्यप्रणाली को प्राथमिकता दी जाएगी तथा व्यापारिक गतिविधियों एवं संगठनात्मक अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।
कैट पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं संगठनात्मक कौशल के बल पर छत्तीसगढ़ के व्यापारिक समुदाय को नई ऊर्जा प्रदान करेगी और व्यापारियों के हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री विजय पटेल ने राष्ट्रीय नेतृत्व, कैट छत्तीसगढ़ के समस्त वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं व्यापारी साथियों का आभार व्यक्त किया।










