Chhattisgarh Weather : छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी के आसार

Chhattisgarh Weather :रायपुर छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट बदलने को तैयार है। प्रदेशभर में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, CG Pre Monsoon 2025 की गतिविधियां अब और अधिक सक्रिय होती नजर आ रही हैं। विशेष रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है।

मौसम विभाग ने कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही बिजली गिरने और आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, खासतौर पर खुले स्थानों और खेतों में काम कर रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों में रहने की सलाह दी गई है।

मंगलवार 13 मई को रायपुर और बस्तर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। इससे मौसम में ठंडक आई और गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना बनी हुई है।

बंगाल की खाड़ी में बढ़ रही मानसूनी गतिविधियों के चलते ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में समय से पहले, यानी 10 जून 2025 तक पहुंच सकता है। मानसून के आगे बढ़ने के लिए अब अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन, बंगाल की खाड़ी और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में स्थितियां अनुकूल हो रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में दिन और रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, अगले दो दिनों में तापमान में स्थिरता आने की संभावना है। 13 मई को रायपुर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश का सबसे अधिक था। वहीं, अंबिकापुर में रात का तापमान 25.3 डिग्री रहा, जो सबसे कम रहा।

आज रायपुर में आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, दो दिन बाद हवाओं की गति में कमी आने की संभावना है।

Advertisement

Related Articles