LIVE UPDATE

VIP रोड में देर रात तक खुला रहा क्लब, मैनेजर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद से नाइट कल्चर और देर रात तक खुलने वाले क्लब-बार पर सख्त कार्रवाई जारी है। तेलीबांधा पुलिस ने वीआईपी रोड स्थित ‘क्लब मिथ्या’ (Club Mithya) पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। तय समय सीमा (रात 12 बजे) के बाद भी क्लब संचालित करने पर पुलिस ने मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है और संस्थान का लाइसेंस रद्द करने के लिए प्रतिवेदन भेजा है।

तेलीबांधा पुलिस को सूचना मिली थी कि वीआईपी रोड स्थित ‘क्लब मिथ्या’ रात 12:50 बजे तक खुला हुआ है और वहां गतिविधियां चल रही हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश दी और शिकायत सही पाई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्लब के मैनेजर फैकी महु (29 वर्ष), निवासी विशाल नगर, तेलीबांधा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी मैनेजर के खिलाफ बीएनएसएस (BNSS) की प्रतिबंधात्मक धारा 170/125, 135, 3(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया। साथ ही, क्लब का गुमाश्ता लाइसेंस निरस्त करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा गया है। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले भी 1 फरवरी 2026 को इसी क्लब के संचालक पर समय सीमा के उल्लंघन के लिए कार्रवाई हो चुकी है। बार-बार नियमों की अनदेखी करने पर पुलिस अब सख्त मूड में है और लाइसेंस रद्द करवाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए होटल, ढाबा, बार और क्लब संचालकों को रात 12 बजे तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं और इसका उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles