LIVE UPDATE

सम्मानपुर में गरीबों के मकान तोड़ना भाजपा सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण – पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा

रायपुर। धरसींवा विधानसभा अंतर्गत ग्राम सम्मानपुर (नकटी) में आज प्रशासन द्वारा गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने की कार्रवाई के बाद पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा प्रभावित ग्रामीणों के बीच पहुंचीं। उन्होंने परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे अमानवीय एवं जनविरोधी बताया।

विज्ञापन

पूर्व विधायक ने कहा कि बरसात के बीच गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ देना किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए शर्म की बात है। जिन लोगों ने वर्षों की मेहनत से अपने घर बनाए थे, आज वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें बेघर करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी भूमि पर प्रशासनिक कार्रवाई आवश्यक भी थी, तो पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी। बिना मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखे मकान तोड़ना न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता। भाजपा सरकार का सुशासन का दावा आज सम्मानपुर की घटना से पूरी तरह बेनकाब हो गया है।

पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित ग्रामीणों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी। उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों को तत्काल वैकल्पिक आवास, उचित मुआवजा एवं हर संभव राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और न्याय की मांग उठाई। पूर्व विधायक ने कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर भारी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Related Articles