LIVE UPDATE

रायपुर के पूर्व पार्षद अमित दास का निधन, दोस्तों संग घूमने गए थे कान्हा किसली

रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर स्थित मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड के पूर्व पार्षद अमित दास का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार अमित दास अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए कान्हा किसली राष्ट्रीय उद्यान गए हुए थे। वहां सभी लोग एक निजी रिजॉर्ट में ठहरे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, नहाते समय उनके गले में पानी चला गया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने और प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया। उपचार से पहले ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद उनका शव रायपुर लाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अमित दास तीन बार पार्षद रह चुके थे और नगर निगम में एमआईसी सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।

वे कांग्रेस नेता सुमित दास और विनीत दास के छोटे भाई थे। उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने शोक व्यक्त किया है। शहर में उनके निधन को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Related Articles