LIVE UPDATE

सोनाखान में शहीद वीर नारायण सिंह बलिदान दिवसः सीएम ने 101 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, वंशजों को किया सम्मानित

बलौदाबाजारलखन हरवानी।  छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उनकी जन्मभूमि सोनाखान पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने 101 करोड़ 44 लाख रुपये से अधिक के 119 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह के वंशजों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह का बलिदान आत्मगौरव, संघर्ष और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने गरीबों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और अकाल के समय अनाज वितरित किया था। अंग्रेजों ने उन्हें 10 दिसंबर 1857 को फांसी दे दी थी।

सीएम साय ने सोनाखान के लिए विकास कार्यों की घोषणा की

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोनाखान के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस सेवा का शुभारंभ, 75 लाख रुपये की लागत से नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, सियान सदन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और मड़ई मेला स्थल पर शौचालय निर्माण के लिए 20 लाख रुपये शामिल हैं।उन्होंने सोनाखान में इको-टूरिज्म विकास और सड़क निर्माण के लिए भी बजट में राशि शामिल कराने का ऐलान किया।

पीएम आवास के लाभार्थियों को मिली घर की चाबियां

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 10 लाभार्थियों को उनके घरों की चाबियां सौंपी गईं। ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के अंतर्गत 37 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि आदिवासी समाज के 5 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।लोकार्पित किए गए प्रमुख कार्यों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ओड़ान, खरतोरा, सकरी (स), गोरधा और दतान (ख) गांवों में 1.61 करोड़ से 2.40 करोड़ रुपये लागत की नल जल आपूर्ति योजनाएं शामिल हैं।भूमिपूजन किए गए कार्यों में जल संसाधन विभाग द्वारा कसडोल ब्लॉक के अर्जुनी गांव में 5.84 करोड़ रुपये की लागत से जोंक शीर्ष जीर्णोद्धार एवं तटबंध निर्माण तथा बलौदाबाजार ब्लॉक में लवन शाखा नहर का जीर्णोद्धार शामिल है। इस कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles