LIVE UPDATE

Raipur Crime : अवैध संबंधों में बाधक बना पति तो पत्नी ने प्रेमी संग रची मौत की साजिश, ‘थार’ से कुचलवाकर की हत्या

रायपुर/खरोरा। राजधानी से लगे खरोरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने अवैध प्रेम संबंधों के चलते प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के लिए तेज रफ्तार ‘थार’ वाहन से युवक की बाइक को टक्कर मारी थी। पुलिस ने महज चंद घंटों में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
घटना 27-28 फरवरी की दरमियानी रात की है। 28 फरवरी को भागवत सारथी ने थाना खरोरा में सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी (27) का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने जब कड़ाई से जांच की, तो शक की सुई मृतक की पत्नी पर जा टिकी।

बहन को लाने के बहाने भेजा मौत के मुंह में
एडिशनल एसपी संदीप मित्तल के नेतृत्व में हुई पूछताछ में मृतक की पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पति किशोर को इसकी भनक लग गई थी, जिसके चलते घर में रोज विवाद होता था। इसी से तंग आकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
साजिश के तहत, 27 फरवरी की रात 9 बजे पत्नी ने किशोर को झूठ बोलकर घर से भेजा कि वह ग्राम बिठिया से उसकी बहन को ले आए।

थार से कुचलकर दिया वारदात को अंजाम
योजना के मुताबिक, प्रेमी लिलेश अपने दो साथियों के साथ थार वाहन लेकर रास्ते में घात लगाए बैठा था। जैसे ही किशोर सारथी ग्राम मांठ-तिल्दाडीह रोड पर पहुंचा, आरोपियों ने उसे जोरदार टक्कर मारी और कुचलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने इसे एक्सीडेंट दिखाने की पूरी कोशिश की थी।

पुलिस की तत्परता से खुला राज
एसपी (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली। पत्नी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई, जिससे सारा राज खुल गया। पुलिस ने हत्या (धारा 103(1) बीएनएस) और आपराधिक षड्यंत्र (धारा 61(2) बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल थार वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles