LIVE UPDATE

सामाजिक भवन के लिए जमीन आवंटन में देरी पर फूटा साहू समाज का गुस्सा, बेदराम साहू ने महापौर को सौंपा ज्ञापन

रायपुर/बीरगांव। दक्षिण परिक्षेत्र साहू संघ बीरगांव एवं तहसील साहू संघ बीरगांव ने समाज भवन के लिए शासकीय भूमि आवंटन में हो रही कथित देरी और उपेक्षा को लेकर शुक्रवार को नगर निगम बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन को ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर 30 जुलाई 2026 को महापौर कार्यालय का घेराव कर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
तहसील साहू संघ बीरगांव के अध्यक्ष बेदराम साहू ने बताया कि वार्ड क्रमांक-34 जागृति नगर, पटवारी हल्का नंबर-88 स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर-253 के भाग की लगभग 1500 वर्गफीट भूमि साहू समाज के समाज भवन निर्माण हेतु आवंटित किए जाने के लिए कलेक्टर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद तहसील कार्यालय ने 30 जुलाई 2025 को संबंधित विभागों से अभिमत मांगा था।
बेदराम साहू का कहना है कि सभी संबंधित विभागों से समाज के पक्ष में अभिमत प्राप्त हो चुका है और इस दौरान किसी भी व्यक्ति या संस्था की ओर से कोई आपत्ति भी दर्ज नहीं हुई। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से महापौर परिषद का अभिमत अब तक जारी नहीं किया गया, जिससे पूरा मामला एक वर्ष से लंबित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के प्रतिनिधि पिछले एक वर्ष से लगातार नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार अलग-अलग अधिकारियों के पास भेजकर केवल आश्वासन दिया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे साहू समाज के लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश है।
बेदराम साहू ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर महापौर परिषद का अभिमत जारी नहीं किया गया, तो 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को दक्षिण परिक्षेत्र साहू संघ बीरगांव एवं तहसील साहू संघ बीरगांव के नेतृत्व में महापौर कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील साहू संघ बीरगांव के अध्यक्ष बेदराम साहू, उपाध्यक्ष जीवन लाल साहू, उपाध्यक्ष प्रतिमा साहू, कोषाध्यक्ष केहरू साहू, दक्षिण परिक्षेत्र अध्यक्ष जीधन साहू, पिताम्बर साहू, सोनू साहू, अनिता साहू, पार्षद खेमलाल साहू सहित समाज के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Related Articles