गुढ़ियारी में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा : राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा समूचा क्षेत्र

रायपुर। सर्व धर्म समाज के तत्वावधान में आज गुढ़ियारी में एक भव्य और ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंगों से सराबोर कर दिया। यह यात्रा गुढ़ियारी के प्रमुख चौक-चौराहों से होती हुई नगर के हृदय स्थल पहाड़ी चौक पर पहुँचकर सम्पन्न हुई। यात्रा का दृश्य अत्यंत गौरवमयी था — हाथों में लहराता तिरंगा, देशभक्ति के नारों की गूंज, और हर कदम पर उमड़ता जन सैलाब, जो भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम और “ऑपरेशन सिंदूर” के समर्थन में गर्व से भर उठा।

यात्रा में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” जैसे गगनभेदी नारों से सम्पूर्ण वातावरण को राष्ट्रप्रेम की ऊर्जा से भर दिया। यह यात्रा न केवल देशभक्ति का प्रतीक बना, बल्कि यह दिखा गया कि गुढियारी की जनता भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रमेश सिंह ठाकुर , वरिष्ठ भाजपा नेता ओंकार बैस , श्री अशोक पाण्डे , श्री गोपी साहू , नगर निगम जोन क्रमांक 1 के अध्यक्ष एवं वीर शिवाजी वार्ड के पार्षद श्री गज्जू साहू, दानवीर भामाशाह वार्ड की पार्षद श्रीमती रामहीन कुर्रे , ठक्कर बापा वार्ड की पार्षद श्रीमती परमिला बल्ला साहू , नेताजी कन्हैया लाल बाजारी वार्ड के पार्षद श्री राजेश कुमार देवांगन , एवं भाजपा गुढियारी मंडल अध्यक्ष श्री विनय जैन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित नागरिक बंधु उपस्थित रहे।

इस तिरंगा यात्रा ने यह सिद्ध कर दिया कि गुढ़ियारी की जनता भारतीय सेना के “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे राष्ट्ररक्षात्मक अभियानों का पूर्ण समर्थन करती है और हर परिस्थिति में सेना के साथ खड़ी है। यह यात्रा गुढियारी के इतिहास में राष्ट्रभक्ति के पर्व के रूप में सदैव याद रखी जाएगी।

Advertisement

Related Articles