पेट्रोल पंप में चिल्हर को लेकर विवाद, पंप कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार


रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ महज चिल्हर के विवाद में दो युवकों ने एक पेट्रोल पंप कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी और दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। रायपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें –CG बड़ी कार्रवाई : खाद्य विभाग की अवैध घरेलू गैस सिलेंडर पर बड़ी कार्रवाई,1619 नग गैस सिलेंडर जब्त
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 16-17 जुलाई की दरमियानी रात को ग्राम उमरिया स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई। मोटर सायकल पर सवार दो युवक, जिनकी पहचान बाद में समीर टंडन और कुनाल तिवारी के रूप में हुई, पेट्रोल भरवाने पहुँचे। उन्होंने पंप कर्मचारी अनिल गायकवाड़ से 50 रुपये का पेट्रोल भरवाया और 200 रुपये का नोट दिया। बचे हुए पैसों (चिल्हर) को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

विवाद के दौरान आरोपियों की नजर कर्मचारी अनिल के हाथ में रखे पैसों पर पड़ी और उन्होंने लूटने की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया। अनिल की चीख सुनकर पास में मौजूद एक अन्य कर्मचारी योगेश मिरी उसे बचाने के लिए दौड़ा। आरोपियों ने योगेश पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और नगदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों घायल कर्मचारियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के लिए ले जाते समय 26 वर्षीय योगेश मिरी ने दम तोड़ दिया। वहीं, 22 वर्षीय अनिल गायकवाड का इलाज जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फुटेज और सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान अभनपुर निवासी समीर टंडन (21) और कुनाल तिवारी (24) के रूप में की।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को उनके ठिकानों से धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू, मोटर सायकल और लूटी गई रकम बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।