आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा केंद्रीय बजट 2026-27 : विजय केसरवानी

लखन हरवानी : बलौदाबाजार। वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का तीसरा केंद्रीय बजट 2026-27 आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज है। यह बजट न केवल आर्थिक विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त करता है, बल्कि देश के हर वर्ग-किसान, गरीब, युवा, महिला और मध्यम वर्ग-की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला साबित होगा। यह विचार वरिष्ठ भाजपा नेता विजय केसरवानी ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
केसरवानी ने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण की सिफारिशों पर आधारित यह बजट महंगाई पर नियंत्रण रखते हुए रोजगार सृजन, निवेश बढ़ाने और आर्थिक स्थिरता को मजबूती प्रदान करेगा। बजट में कर प्रणाली को सरल और जनहितैषी बनाते हुए मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है, जिससे उनकी क्रय शक्ति बढ़ेगी और घरेलू मांग को प्रोत्साहन मिलेगा।उन्होंने कहा कि 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त करना मध्यम वर्ग के लिए ऐतिहासिक और राहत भरा निर्णय है। इससे न केवल आम परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि बचत और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। यह कदम सरकार की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें करदाताओं को सम्मान और सुविधा दोनों दी जा रही है। विजय केसरवानी ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि अवसंरचना को मजबूत करने, सिंचाई, भंडारण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
साथ ही युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप्स, स्वरोजगार और नए रोजगार अवसर सृजित करने की स्पष्ट रूपरेखा इस बजट की विशेषता है। उन्होंने आगे कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि समावेशी विकास का विजन प्रस्तुत करता है। महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाएँ देश को एक मजबूत सामाजिक ढांचे की ओर ले जाएँगी। गरीब और वंचित वर्ग के लिए आवास, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है। केसरवानी ने यह भी कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 इसलिए भी विशेष है क्योंकि यह ‘कर्तव्य भवन’ में तैयार किया गया पहला बजट है, जो कर्तव्य, पारदर्शिता और राष्ट्र निर्माण के भाव को सुदृढ़ करता है। यह बजट विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला दस्तावेज है, जो आने वाले वर्षों में देश को आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगा। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को इस जनोन्मुखी और दूरदर्शी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह बजट देश के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला है और भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं विकसित राष्ट बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।









