LIVE UPDATE

हर जाति हर वर्ग में हो रहा विकास 54 मंत्रालय की 200 से ज्यादा योजना का मिल रहा लाभ आखिरी पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रहा मोदी सरकार का लाभ – सैय्यद रज़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद रज़ा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह बजट न केवल आर्थिक विकास को नई ऊंचाइयां देगा, बल्कि किसान, गरीब, युवा और महिलाओं की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।

सैय्यद रज़ा ने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि आज देश में हर जाति और हर वर्ग का समान रूप से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का एकमात्र लक्ष्य ‘अंत्योदय’ है, जिसका परिणाम है कि 52 से अधिक मंत्रालयों की 200 से ज्यादा योजनाओं का सीधा लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है।

54 मंत्रालय और सैकड़ों योजनाओं का व्यापक नेटवर्क

सैय्यद रज़ा ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में भारत सरकार के अंतर्गत लगभग 54 केंद्रीय मंत्रालय और 93 विभाग पूरी सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा देश भर में 54 केंद्रीय प्रायोजित योजनाएं (CSS) और 260 से अधिक केंद्रीय क्षेत्र की योजनाएं (CS) संचालित की जा रही हैं। ये योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और डिजिटल इंडिया जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आम जनमानस के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही हैं।

बजट में ऐतिहासिक वृद्धि: 16 लाख करोड़ से 50 लाख करोड़ का सफर

बजट के मोर्चे पर मोदी सरकार के कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा नेता रज़ा ने कहा कि 2014 से पहले यूपीए सरकार के दौरान देश के कुल बजट का आकार मात्र 16 लाख करोड़ रुपए होता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था इतनी मजबूत हुई है कि आज यह बजट 50 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर विभाग के बजट में 1000 से 1200 प्रतिशत तक की अभूतपूर्व वृद्धि की है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस: 1 लाख करोड़ से बढ़कर 11 लाख करोड़ हुआ बजट

आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को देश की रीढ़ बताते हुए सैय्यद रज़ा ने पिछली सरकारों और वर्तमान सरकार के दृष्टिकोण में अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “जब यूपीए की सरकार थी, तब इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए केवल 1 लाख करोड़ रुपए मिलते थे। मोदी सरकार ने इस क्षेत्र में क्रांति लाते हुए पिछले बजट में इसके लिए 11 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया।” उन्होंने बताया कि सड़कों के निर्माण की रफ्तार कई गुना बढ़ी है, जिससे देश में व्यापार और निवेश के रास्ते खुले हैं और रोजगार की अपार संभावनाएं पैदा हुई हैं।

गरीब कल्याण: घर, शौचालय और नल से जल

सैय्यद रज़ा ने कहा कि विकास का असली पैमाना अंतिम पंक्ति पर खड़ा वह आदमी है जो बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझता था। मोदी सरकार ने दिल खोलकर बजट दिया, जिसका नतीजा है कि:  ●जिसके पास शौचालय नहीं था, उसे शौचालय मिला। जिसके पास सिर ढकने को छत नहीं थी, उसे पक्का घर मिला।

● गृहिणियों को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए गैस कनेक्शन मिले।

● सूखे कंठों की प्यास बुझाने के लिए ‘हर घर नल से जल’ योजना पहुँची। इन योजनाओं ने न केवल गरीबों का जीवन स्तर सुधारा है बल्कि उनके आत्मसम्मान की रक्षा भी की है।

 

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles