LIVE UPDATE

पीएम श्री सेजेस मरवाही में पीटीएम का सफल आयोजन, बोर्ड परीक्षार्थियों को मिला मार्गदर्शन

मरवाही। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस), मरवाही में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। यह बैठक दिनांक 3 फरवरी को प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के लिए तथा दिनांक 4 फरवरी को हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी कक्षाओं के लिए पृथक-पृथक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करना तथा बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

बैठक में विद्यालय के प्राचार्य श्री शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने विशेष रूप से कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच से ही श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
प्राचार्य श्री अग्निहोत्री ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की शैक्षणिक सफलता में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की पढ़ाई के प्रति सजग रहें, उनके दैनिक अध्ययन समय की निगरानी करें तथा घर में सकारात्मक एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराएं, जिससे विद्यार्थी बिना किसी दबाव के बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

बैठक के दौरान विद्यार्थियों को बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षा की तैयारी हेतु एक सुव्यवस्थित दैनिक समय-सारिणी तैयार करने एवं उसका नियमित रूप से पालन करने की सलाह दी गई। साथ ही विषय-वार अध्ययन रणनीति, नियमित पुनरावृत्ति, मॉडल प्रश्न पत्रों के अभ्यास एवं समय प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित विद्यालय के व्याख्याता एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की तथा पीटीएम को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। संपूर्ण कार्यक्रम सकारात्मक एवं उत्साहवर्धक वातावरण में संपन्न हुआ।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles