हज यात्रियों का भव्य इस्तेकबाल: मुख्यमंत्री साय और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं, अल्पसंख्यक मोर्चा उपाध्यक्ष सैय्यद रज़ा ने हाजियों को दी मुबारकबाद




रायपुर। छत्तीसगढ़ हज कमेटी की जानिब से हज यात्रा पर जाने वाले खुशनसीब हाजियों के सम्मान में एक भव्य ‘इस्तेकबालिया प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ रायपुर सांसद व आठ बार के विधायक बृजमोहन अग्रवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद रज़ा ने हज यात्रियों का इस्तेकबाल किया। उन्होंने हाजियों से मुलाकात कर उन्हें मुकद्दस सफर की मुबारकबाद दी और अपील की कि वे मक्का-मदीना की पाक सरजमीं पर छत्तीसगढ़ की खुशहाली और मुल्क की अमन-चैन के लिए खास दुआएं करें। सैय्यद रज़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार अल्पसंख्यक समाज के कल्याण और उनकी धार्मिक भावनाओं के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
छत्तीसगढ़ हज कमेटी के सदर मिर्ज़ा एजाज बेग के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों ने मुस्लिम समाज के हज यात्रियों को उनकी यात्रा के दौरान काम आने वाली जरूरी सामानों की ‘हज किट’ भेंट की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में हाजियों को सुरक्षित और सफल यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज, निशक्तजन आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य व भाजपा प्रवक्ता तौकीर रज़ा, हज कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व अल्पसंख्यक मोर्चा के सह-प्रभारी आरिफ खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शकील खान, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य नजमा खान ने भी हाजियों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया खान, प्रदेश मंत्री निजाम शेख, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुलाम गौस खान, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी, जिला महामंत्री फैजल खान सहित भारतीय जनता पार्टी और अल्पसंख्यक मोर्चा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में हाजियों के सुरक्षित सफर के लिए दुआएं मांगी गईं।











