व्यवहार न्यायालय बिलाईगढ़ में अधिवक्ता संघ को विधायक कविता प्राण लहरें की बड़ी सौगात



बिलाईगढ़। व्यवहार न्यायालय बिलाईगढ़ में अधिवक्ता संघ द्वारा आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरें शामिल हुईं। इस दौरान अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ता साथियों द्वारा विधायक का आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरें ने अधिवक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ता संघ बिलाईगढ़ को 2 ए.सी. भेंट स्वरूप प्रदान किए। साथ ही अधिवक्ता संघ की लायब्रेरी के विकास के लिए ₹1 लाख की सहयोग राशि देने की घोषणा की। विधायक की इस पहल का अधिवक्ता साथियों ने स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय बिलाईगढ़ में नवपदस्थ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री सिद्धांत देवांगन जी का अधिवक्ता संघ द्वारा अभिनंदन किया गया। विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरें ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और न्यायिक अधिकारियों की जिम्मेदारी समाज के प्रति अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरें ने अपने उद्बोधन में कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग है। आम जनता को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए उनके लिए बेहतर कार्य वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संघ की लायब्रेरी को मजबूत करने के उद्देश्य से ₹1 लाख की राशि की घोषणा की गई है, जिससे अधिवक्ताओं को अध्ययन सामग्री एवं विधि संबंधी पुस्तकों की सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता साथियों के साथ सामाजिक, न्यायिक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा भी हुई। कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, अधिवक्ता साथी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरें ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह एवं विश्वास उन्हें सदैव जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।











