युवा नेतृत्व को बड़ी जिम्मेदारी, भागवत थवाईत बने छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव




बलौदाबाजार। युवा नेतृत्व को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए भागवत थवाईत को छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही समर्थकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इसे युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
भागवत थवाईत लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी सक्रियता और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर पर यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनके सामने किसान कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

किसानों की समस्याओं, कृषि से जुड़े विषयों और ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को लेकर किसान कांग्रेस लगातार अपनी आवाज बुलंद करती रही है। ऐसे में भागवत थवाईत की नियुक्ति को संगठन में नई ऊर्जा और युवा सोच के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके सक्रिय नेतृत्व से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा युवाओं एवं किसानों को संगठन से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर भागवत थवाईत ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। किसानों और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
भागवत थवाईत की नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में किसान कांग्रेस को नई मजबूती मिलेगी और संगठन की गतिविधियां गांव-गांव तक और अधिक प्रभावी रूप से पहुंचेंगी।









