बीएमएस रायपुर के नए जिलाध्यक्ष बने पवन ओगले, मिथुन मानिकपुरी को जिला मंत्री की जिम्मेदारी





रायपुर। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) जिला रायपुर का जिला अधिवेशन शांति नगर स्थित स्वदेशी भवन में आयोजित किया गया। अधिवेशन में संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए पवन ओगले को जिला अध्यक्ष और मिथुन मानिकपुरी को जिला मंत्री चुना गया। वहीं परमेश्वर कन्नौजे को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर विभाग प्रमुख कोमल साहू ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय मजदूर संघ के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष नरोत्तम धृतलहरे उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में कर्मकार मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोहन एंटी और महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले शामिल हुए। बौद्धिक सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर कार्यवाह भरत भूषण ने भी सहभागिता की।

अधिवेशन का शुभारंभ अध्यक्ष, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद भारत माता, भगवान विश्वकर्मा और श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने अपने विचार भी रखे।
दिनभर चले अधिवेशन में संगठन के विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। अंतिम सत्र में पुरानी जिला कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। चुनाव प्रक्रिया प्रदेश कार्यालय मंत्री टाटा बाबूलाल ने चुनाव अधिकारी के रूप में संपन्न कराई। इस अवसर पर प्रदेश वित्त सचिव ओमीलाल साहू, पाल साहित्य संवर्धन परिषद के अध्यक्ष महामंडलेश्वर, अखिल भारतीय स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री परमेश्वर कन्नौजे ने किया।
नई जिला कार्यकारिणी में पवन ओगले को अध्यक्ष, परमेश्वर कन्नौजे को कार्यकारी अध्यक्ष तथा मिथुन मानिकपुरी को जिला मंत्री चुना गया। इसके अलावा अंजू शर्मा, शिव साहू और सोमेश्वर को उपाध्यक्ष बनाया गया। संगठन मंत्री की जिम्मेदारी अंचित बाराई को, कोषाध्यक्ष का दायित्व लेखराम साहू को तथा सह मंत्रियों के रूप में वीरेंद्र वर्मा, डॉ. विनोद वर्मा और रानी सोनी को जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अश्वनी चेलक, नागेंद्र सिंह, नवीन सोनी, राजा तिवारी, रीना सोनी, प्रफुल्ल सोनी, मनीष तेजजा, प्रशांत सोनी एवं ममता साहू शामिल किए गए। अधिवेशन में संगठन को मजबूत बनाने और श्रमिकों के हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने पर जोर दिया गया।











