लोकल ट्रेन की लेटलतीफी से परेशान नौकरीपेशा महिलाओं ने DRM को सौंपा ज्ञापन, समय पर संचालन और अतिरिक्त डिब्बे लगाने की मांग





रायपुर। बिलासपुर-रायपुर के बीच चलने वाली लोकल ट्रेन नंबर 58201 की लगातार लेटलतीफी और यात्रियों की बढ़ती भीड़ से परेशान दैनिक यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की है। इसी संबंध में आज दैनिक यात्रा करने वाली नौकरीपेशा महिलाओं ने श्रीमती सरिता राजपूत की अध्यक्षता में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को ज्ञापन सौंपकर यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि लोकल ट्रेन नंबर 58201 का निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे है, लेकिन ट्रेन अक्सर सुबह 10 से 11 बजे के बीच पहुंचती है। लगातार देरी के कारण नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य दैनिक यात्रियों को अपने कार्यालय, कार्यस्थल और जरूरी कामों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन के आगमन का निश्चित समय नहीं रहने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन में मंदिर हसौद रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों को होने वाली असुविधाओं का उल्लेख किया गया है। यात्रियों ने मांग की है कि अंबिकापुर जाने वाली ट्रेन का मंदिर हसौद स्टेशन पर ठहराव दिया जाए, जिससे मंदिर हसौद और आसपास के क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
इसके अलावा लोकल ट्रेन में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए डिब्बों की संख्या बढ़ाने की मांग भी की गई है। यात्रियों का कहना है कि भीड़ के कारण ट्रेन में चढ़ने और उतरने में परेशानी होती है तथा कई बार यात्रियों को बैठने की जगह भी नहीं मिल पाती। ऐसे में अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाने से यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगी।
ज्ञापन के माध्यम से रेलवे प्रशासन से लोकल ट्रेन नंबर 58201 का संचालन निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे के अनुसार नियमित करने, अंबिकापुर जाने वाली ट्रेन को मंदिर हसौद स्टेशन पर ठहराव देने और लोकल ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे जोड़ने की मांग की गई है। यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित निर्णय लेगा।











