CG Suicide : छात्रावास में 12वीं के छात्र ने लगाई फांसी

धमतरी। धमतरी जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। केरेगांव थाना क्षेत्र के पत्थरीडीह स्थित एकलव्य आवासीय छात्रावास में 12वीं कक्षा के छात्र हिमांशु नेताम (17 वर्ष) ने कथित रूप से कमरे के अंदर सीलिंग फैन से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से छात्रावास परिसर में अफरा-तफरी मच गई है।
मंगलवार देर रात यह घटना सामने आई जब छात्रावास के अन्य छात्रों ने हिमांशु को पंखे से लटकते देखा। उन्होंने तुरंत वार्डन और हॉस्टल प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छात्रों ने बताया कि हिमांशु कुछ समय से चुप-चुप रहता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
मृतक छात्र के पिता ने कहा कि हिमांशु हमेशा पढ़ाई में अच्छा था और जीवन को लेकर सकारात्मक सोच रखता था। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास नहीं होता कि वह खुद ऐसा कदम उठा सकता है। अगर यह आत्महत्या है तो वजह क्या थी? हमें पूरी सच्चाई जाननी है। अगर लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए। परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
केरेगांव थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के कारणों को लेकर सभी पहलुओं से जांच जारी है। पुलिस ने कमरे से छात्र का मोबाइल फोन, नोट्स और अन्य निजी सामान जब्त किया है। इन वस्तुओं को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी ने उसे उकसाया या धमकाया तो नहीं।
जिला प्रशासन ने भी मामले में गंभीरता दिखाते हुए कहा है कि यदि प्रबंधन की लापरवाही साबित होती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी और आदिवासी विकास विभाग ने छात्रावास के पूरे प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के आदेश दे दिए हैं। इसके साथ ही छात्रों की मानसिक स्वास्थ्य जांच और काउंसलिंग की भी सिफारिश की गई है।









