CG Breaking : वीरेंद्र सिंह तोमर मामला, रायपुर में क्षत्रिय स्वाभिमान न्याय महापंचायत का ऐलान, क्षत्रिय करणी सेना ने खोला मोर्चा

रायपुर। राजधानी रायपुर में सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर की गिरफ्तारी और जुलूस के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में अब क्षत्रिय करणी सेना ने सीधे तौर पर प्रदेश सरकार, पुलिस और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर रायपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और 7 दिसंबर 2025 को रायपुर में ‘क्षत्रिय स्वाभिमान न्याय महापंचायत’ का ऐलान करते हुए देशभर के क्षत्रियों से शामिल होने का आह्वान किया है।
बीते दिनों डॉ. राज शेखावत ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर वीरेंद्र सिंह तोमर पर हुई पुलिसिया कार्रवाई को एकतरफा और अन्यायपूर्ण बताया था। उन्होंने रायपुर पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने धमकी भरे लहजे में कहा, “हम उन पुलिस वालों के घर में घुसकर जवाब देंगे जो तोमर के घर घुसे थे।”इस बयान के बाद से ही शहर में माहौल गरमा गया है और इसे पुलिस-प्रशासन को दी गई एक खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
क्षत्रिय स्वाभिमान न्याय महापंचायत’ का ऐलान
13 नवंबर की शाम डॉ. शेखावत ने फिर से लाइव आकर रायपुर में एक विशाल ‘क्षत्रिय स्वाभिमान न्याय महापंचायत’ की घोषणा की। यह महापंचायत 7 दिसंबर 2025 को दोपहर 1:00 बजे रायपुर में आयोजित की जाएगी। जारी किए गए पोस्ट के अनुसार, इस महापंचायत का आयोजन वीरेंद्र सिंह तोमर के परिवार की अध्यक्षता में किया जा रहा है। महापंचायत के आह्वान में कहा गया है, ” वीरेंद्र सिंह एवं उनके परिवार पर सरकार एवं प्रशासन द्वारा किए गए अमानवीय अत्याचारों एवं क्षत्राणी छोटी बहू की अस्मिता पर हुए अश्लीलता के विरोध में अब समय है न्याय की निर्णायक लड़ाई का!”
डॉ. शेखावत द्वारा जारी फेसबुक पोस्ट में लिखा है, “जब अन्याय अपनी सीमा लांघ जाता है, जब सत्ता अहंकार में अंधी हो जाती है, तब क्षत्रिय रक्त में उबाल आता है — और जंग का ऐलान खुद इतिहास करता है!” इस आयोजन को “क्षत्रिय अस्मिता की हुंकार” बताते हुए देशभर के क्षत्रियों से इस “जंग-ए-स्वाभिमान” में शामिल होने का आह्वान किया गया है।










