LIVE UPDATE

जंगली सुअर का अवैध शिकार करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। धमतरी वनमंडल अंतर्गत उत्तर सिंगपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए जंगली सुअर के अवैध शिकार में संलिप्त सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई वनगश्ती दल को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मूलगांव निवासी चित्रसेन भागवत कंवर (33 वर्ष), घांसीराम गोंड़, इन्दुराम गोंड़, कृष्णकुमार गोंड़, ओमप्रकाश गोंड़, परमानंद कंवर एवं रामकुमार नेताम को अनुसूची-प्प्प् के वन्यप्राणी जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस पकाते एवं विक्रय हेतु तैयार करते हुए पकड़ा गया। मौके से टीम ने चाकू, कुल्हाड़ी, पैसूल एवं अन्य उपकरण जब्त किए।

वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय प्रथम श्रेणी व्यवहार न्यायालय कुरूद में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल धमतरी भेजा गया।

जिला वन मंडलाधिकारी श्री जाधव श्रीकृष्णा, ने पूरी टीम को इस सफल एवं त्वरित कार्रवाई के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि “वन्यप्राणियों के संरक्षण एवं वन अपराधों की रोकथाम में विभाग की यह तत्परता सराहनीय है।” उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को भी वन्यप्राणी अपराध से संबंधित सूचना प्राप्त हो तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा तथा उपयुक्त सूचना देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

यह कार्रवाई संयुक्त वनमंडलाधिकारी श्री मनोज विश्वकर्मा के निर्देशन में परिक्षेत्र अधिकारी श्री पंचराम साहू, प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल सुश्री रेणुका कुरेटी, उपवनक्षेत्रपाल श्री मुकुंदराव वाहने, वनरक्षक श्री चुरामन लाल पटेल एवं वन चौकीदार श्री भुनेश्वर ध्रुव की टीम द्वारा की गई।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles