नशामुक्ति केंद्र से जिले के युवाओं को मिली ‘नई दिशा’

बलौदाबाजार। लखन हरवानी : जिले में युवाओं को नशे के चंगुल से दूर रखने और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘नई दिशा अभियान’ ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से नशामुक्ति की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने हाल ही में आयोजित बैठकों में नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त करने पर विशेष जोर दिया। उपसंचालक समाज कल्याण, सिनीवाली गोयल ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए व्यापक पहल की जा रही है।
नशामुक्ति केंद्र से 171 लोगों को मिली ‘नई दिशा
समाजकल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त एवं अनुदानित संस्था संगी मितान सेवा संस्थान द्वारा खैरघटा रोड पर संचालित नशामुक्ति केंद्र इस मुहिम का मुख्य आधार है। जुलाई 2024 से शुरू हुए इस केंद्र में अब तक 178 हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं, जिनमें से 171 लोगों को नशे से पूर्ण रूप से मुक्त किया जा चुका है। वर्तमान में 15 व्यक्ति उपचाररत हैं। केंद्र में विशेषज्ञ मनोरोग चिकित्सकों की निगरानी में शारीरिक एवं मानसिक उपचार, डिटाक्सिफिकेशन, काउंसलिंग, पौष्टिक भोजन, योग और आत्मनिर्भरता हेतु प्रशिक्षण जैसे धूपबत्ती निर्माण) जैसी सुविधाएं 24 घंटे निगरानी के साथ उपलब्ध हैं।इस अभियान की सफलता का एक जीवंत उदाहरण पलारी निवासी वेल्डर अमन खान ने प्रस्तुत किया, जो छह, साल से गांजा और नशीली दवाइयों के नशे में थे। उन्होंने बताया कि परिवार की पहल पर मुझे केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ 40 दिन के उपचार और काउंसलिंग के बाद आज मैं पूरी तरह नशामुक्त और खुशहाल जीवन जी रहा हूं।
गांव-गांव जागरूकता, पुलिस की कठोर कार्रवाई
उपसंचालक सिनीवाली गोयल ने बताया कि ‘नई दिशा अभियान’ के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए गांव-गांव में जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। महाविद्यालयों में 42 कैंप और 34 कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें 24,107 विद्यार्थी शामिल हुए। अभियान के माध्यम से 12,150 लोगों तक मानसिक स्वास्थ्य और. नशामुक्ति सेवाएं पहुंचाई गईं। दूसरी ओर, जिले की पुलिस गैरकानूनी नशीली सामग्री पर लगातार कड़ा अभियान चला रही है। एएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि अवैध नशे के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। एनडीपीएस एक्ट के तहत 72 प्रकरण दर्ज, 102 आरोपित गिरफ्तार और 32.48 लाख से अधिक की नशीली सामग्री जब्त। आबकारी एक्ट के तहत अगस्त 2024 से नवंबर 2025 तक 2.715 प्रकरण दर्ज कर 2,828 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 82.48 लाख की अवैध शराब जब्त हुई।









