CG Crime : नहर किनारे मिला युवती का अधजला शव

CG Crime : दुर्ग। दुर्ग जिले में उतई थाना क्षेत्र के पुरई गांव में सोमवार सुबह एक गंभीर वारदात सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को करगाडीह रोड के पास नहर किनारे एक युवती का जला हुआ शव मिला। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें – रायपुर स्टेशन रोड पर गिरा 5 लाख का हीरों जड़ा ब्रेसलेट
शव आंशिक रूप से जला हुआ था, जिसके कारण पहचान मुश्किल हो रही है। जांच के दौरान टीम को एक धारदार हथियार मिला, जिससे यह शक मजबूत हुआ कि हत्या इसी हथियार से की गई होगी। घटनास्थल के पास बड़े पत्थरों पर खून के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की है।
फॉरेंसिक टीम ने मिट्टी के नमूने, खून के धब्बे, जले हुए अवशेष और बरामद हथियार समेत कई साक्ष्य एकत्र किए हैं। क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के गांवों में पूछताछ और लापता युवतियों की सूची का मिलान जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या कहीं और की गई हो सकती है और बाद में शव को यहां लाकर जलाया गया है। पुलिस को कुछ शुरुआती सुराग मिले हैं और अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग चर्चा में लगे हैं।









