LIVE UPDATE

अस्पताल की छत पर मिला स्टाफ नर्स का शवः सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

बलौदाबाजारलखन हरवानी : बलौदाबाजार के कसडोल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की छत पर एक स्टाफ नर्स का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। एनएचएम कर्मी अभिलाषा जॉन (लगभग 32 वर्ष) मंगलवार देर रात अस्पताल की सीढ़ी के पास मृत पाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अभिलाषा मंगलवार सुबह 8 बजे अपनी ड्यूटी से रिलीव हुई थी। इसके बाद वह अपने किराए के कमरे में नहीं पहुंची और उनका मोबाइल भी बंद आ रहा था। परिजनों ने जब अस्पताल प्रबंधन को सूचित किया, तो परिसर में उसकी स्कूटी मिली। तलाशी के दौरान उसका शव अस्पताल की छत पर मिला, जिसके मुंह से झाग निकल रहा था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया

डयूटी के बाद घर नहीं पहुंची तो परिजनों हुए परेशान

अभिलाषा जॉन बसना क्षेत्र की रहने वाली थी और कसडोल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थी। वह कसडोल के पारस नगर में किराए के मकान में रहती थी। मंगलवार सुबह से उसका फोन नहीं लग रहा था और वह अपने कमरे पर भी नहीं पहुंची थीं, जिससे परिजनों को चिंता हुई।

पीएम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची। थाना कसडोल के सहायक उपनिरीक्षक प्रभात साहू ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। सहायक उपनिरीक्षक साहू ने यह भी बताया कि 32 वर्षीय नर्स अविवाहित थी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles