LIVE UPDATE

क्रॉसविंड सोसाइटी के फ्लैट में लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा, पार्षद मोहन साहू ने लोगों से की गर्मी में सावधानी बरतने की अपील

रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोवा इलाके के दुबे कॉलोनी दलदल सिवनी रोड पर स्थित क्रॉसविंड सोसाइटी में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट के एसी के आउटर यूनिट में भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद मोहन साहू तुरंत मौके पर पहुँचे और राहत कार्य का मोर्चा संभाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त अचानक एसी का आउटर यूनिट फट गया, जिससे आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सोसाइटी के रहवासियों में भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पार्षद मोहन साहू और फायर ब्रिगेड को दी।

घटनास्थल पर पहुँचे पार्षद मोहन साहू ने तत्काल पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड और नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क कर तालमेल बिठाया। सोसाइटी के जागरूक नागरिकों और दमकल विभाग की त्वरित सक्रियता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग को पड़ोस के अन्य फ्लैटों तक फैलने से पहले ही रोक दिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

पार्षद मोहन साहू ने नागरिकों से इस भीषण गर्मी में विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा, “सोसाइटी के लोगों की सजगता और प्रशासन की सक्रियता से आज एक बड़ा हादसा टल गया है। मेरा सभी वार्ड वासियों और शहरवासियों से निवेदन है कि चिलचिलाती गर्मी में एसी (AC) का लगातार घंटों तक उपयोग न करें। बीच-बीच में मशीन को आराम दें, ताकि ओवरहीटिंग की वजह से इस तरह की आगजनी की घटनाएं न हों।”

इस दौरान पुलिस प्रशासन और निगम अमला भी मौके पर डटा रहा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और फ्लैट में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

 

Related Articles