सरस्वती शिशु मंदिर देवेन्द्र नगर में गुरु पूर्णिमा उत्सव का भव्य आयोजन, गुरु की महिमा पर वक्ताओं ने रखे विचार



रायपुर। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवेन्द्र नगर, रायपुर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा उत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिपाठी ने अपने संबोधन में गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि गुरु ही समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं।




कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में अनुशासन, दायित्वबोध और गुरु के मार्गदर्शन के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों से जीवन में गुरु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता विद्या भारती, छत्तीसगढ़ प्रांत के कार्यकारिणी सदस्य विवेक सक्सेना ने भारतीय शिक्षा प्रणाली की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “आचार्य अपने आचरण से शिक्षा देते हैं, तभी वे आचार्य कहलाते हैं।”
विशिष्ट अतिथि सरल मोदी, अध्यक्ष, थोक कपड़ा व्यवसाय संघ ने सभी को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएँ देते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्यों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में उदय रावले, मानिक साहू, दिवाकर स्वर्णकार, डॉ. निशा मुखर्जी, डॉ. सुधा त्रिवेदी एवं विनय अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह में विद्यालय की माधव बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिपाठी, सचिव संजय जोशी, विद्यालय समिति के पदाधिकारी विजय पटेल, श्रीमती सुनीता चंसोरिया, प्राचार्य, समस्त आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में भैया-बहन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समिति सदस्य विजय पटेल द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।









