नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में भाजपा की जीत, रितेश जायसवाल बने अध्यक्ष, अल्पसंख्यक समाज को भाजपा से जोड़ने में सैय्यद रज़ा की भूमिका रही अहम



सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में संपन्न नगरीय निकाय उपचुनाव के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 362 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
राज्यभर में हुए उपचुनाव में नगर पंचायत अध्यक्ष के 5 पदों में से भाजपा ने 3 सीटों पर जीत हासिल की, जिसमें शिवनंदनपुर की जीत को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस जीत के पीछे भाजपा संगठन की रणनीति और विभिन्न वर्गों तक पहुंच को अहम कारण माना जा रहा है।
शिवनंदनपुर चुनाव में छत्तीसगढ़ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद रज़ा की सक्रिय भूमिका रही है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने वार्ड क्रमांक 5, 7 और 10 में मुस्लिम समाज की कई बैठकें आयोजित कर भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अल्पसंख्यक समाज के बीच संवाद और जनसंपर्क अभियान का सकारात्मक प्रभाव चुनाव परिणामों में देखने को मिला।
सैय्यद रज़ा ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव (टीएस बाबा) ने इस सीट पर पूरा फोकस किया था और लगातार बैठकें भी की थीं, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नगर पंचायत पर कब्जा नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि शिवनंदनपुर की जनता ने कांग्रेस की नीतियों और कुरीतियों को नकारते हुए भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास जताया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की ठोस मेहनत, संगठन की दमदारी और जनता के भरोसे के कारण यहां कमल खिला है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की मुहर है।
विजय के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद रितेश जायसवाल ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए नगर पंचायत के समग्र विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार शिवनंदनपुर में भाजपा की यह जीत संगठन की जमीनी पकड़ और विभिन्न समुदायों के बीच बढ़ते जनसमर्थन का संकेत मानी जा रही है, जिसमें अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद रज़ा की सक्रिय भागीदारी भी एक महत्वपूर्ण कारक रही।










