1 अक्टूबर को रायपुर में बीएमएस की विशाल श्रमिक आक्रोश रैली



रायपुर। भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक दिनांक 16 एवं 17 मई 2026 को माँ महामाया की पावन नगरी अंबिकापुर में संपन्न हुई ।
बैठक की अध्यक्षता बीएमएस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शोभा सिंहदेव द्वारा की गई। इस अवसर पर प्रमुख रूप से श्री सी. वी. राजेश (क्षेत्रीय संगठन मंत्री मध्य क्षेत्र) एवं श्री दिनेश कुमार पांडेय , (महामंत्री छत्तीसगढ़ प्रदेश )के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई । बैठक में विशेष रूप से श्री राधेश्याम जैसवाल (अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी बीएमएस )श्री गिरजा शंकर आचार्य, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य तथा श्री शंकध्वनि सिंह बैनफर , प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान श्री सी. वी. राजेश ने संगठन के विस्तार, उसकी कार्यशैली तथा भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा (Ideology) के संबंध में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने प्रत्येक जिले में जिला ईकाई का गठन करने जिला मंत्रियों , विभाग प्रमुखों , प्रदेश पदाधिकारियों का दायित्व तय करते हुए सभी जिलों में प्रवास कर सभी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने हेतु छह वरिष्ठ पदाधिकारियों को राज्य स्तरीय सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही प्रत्येक जिले के सुचारु संचालन एवं संगठन विस्तार के उद्देश्य से जिला प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई।
बैठक में श्रमिक हितों एवं लंबित मांगों को लेकर आगामी 01 अक्टूबर 2026 को रायपुर में विशाल श्रमिक आक्रोश रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस रैली के माध्यम से सरकार का ध्यान श्रमिकों की अपूर्ण मांगों की ओर आकर्षित करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने की मांग की जाएगी।
इस श्रमिक आक्रोश रैली में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध सभी यूनियन जैसे राज्य कर्मचारी संघ, आंगनबाड़ी सहायिका संघ, निर्माण मजदूर महासंघ , बिजली कर्मचारी महासंघ , माध्यम भोजन रसोइया संघ , भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मज़दूर महासंघ जैसे अनेक संगठन रैली में शामिल होंगे ।
भारतीय मजदूर संघ ने प्रदेश के सभी श्रमिकों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में इस आंदोलन एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।











