LIVE UPDATE

CG Crime : प्रेमिका ने रचाया मंगेतर के अपहरण का षड्यंत्र, नागपुर से पकड़े गए आरोपी

CG Crime : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही मंगेतर का अपहरण कर लिया। इस मामले में पुलिस ने जबरदस्त कार्रवाई करते हुए नागपुर (महाराष्ट्र) से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

ये भी पढ़ें –21 अप्रैल 2025 का राशिफल: जानिए आज क्या कहता है आपका भाग्य, किसे मिलेगा सफलता का साथ और किसे रहना होगा सतर्क

 

क्या है पूरा मामला?
18 मार्च 2025 की रात करीब 10:30 बजे, प्रार्थी भूपेंद्र यादव अपने दोस्त टोकेश साहू के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वे बोगदा पुलिया के पास पहुंचे, एक कार ने उन्हें रोक लिया। कार से 3-4 युवक उतरे और टोकेश साहू के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपी जबरन टोकेश को कार में बैठाकर बेमेतरा की ओर ले गए। हालांकि, मौका पाकर टोकेश वहां से भागने में सफल रहा। इस घटना के बाद जामुल थाना पुलिस ने भूपेंद्र यादव की शिकायत पर अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रेमिका ही निकली साजिशकर्ता
जांच में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पुलिस को पता चला कि अपहरण की पूरी साजिश खुद पीड़ित टोकेश साहू की मंगेतर हेम कुमारी साहू उर्फ हेमा ने रची थी। हेम कुमारी की शादी टोकेश से तय हुई थी, लेकिन वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी क्योंकि वह पहले से ही दुर्गेश साहू नामक युवक से प्रेम करती थी।

हेम कुमारी ने अपने प्रेमी दुर्गेश को टोकेश का बायोडाटा और फोटो भेजा, जिसके बाद दुर्गेश ने अपने साथियों – अमित वर्मा उर्फ राजा और बंटी – के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। नागपुर से क्रेटा कार लेकर ये सभी आरोपी जामुल पहुंचे और योजनाबद्ध तरीके से अपहरण की घटना को अंजाम दिया।

तीनों आरोपी नागपुर से गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक (छावनी) हरीश पाटिल के मार्गदर्शन में जामुल पुलिस की टीम ने तकनीकी सहायता और सटीक सूचना के आधार पर नागपुर में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तीनों आरोपियों को 20 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी
1. दुर्गेश साहू (22 वर्ष) – निवासी कौगिया कला, परपोड़ी, जिला बेमेतरा (हाल-इन्द्रप्रस्थ नगर, नागपुर)
2. अमित वर्मा उर्फ राजा (23 वर्ष) – निवासी ग्राम डूंडा, जिला बेमेतरा (हाल-इन्द्रप्रस्थ नगर, नागपुर)
3. हेम कुमारी साहू उर्फ हेमा (25 वर्ष) – निवासी ग्राम दनिया, गंडई, जिला खैरागढ़ (हाल-एकात्मता नगर, नागपुर)

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कपिलदेव पांडेय, सउनि महफूज खान, सउनि राजेश साहू, आरक्षक चंद्रभान सिंह और आरक्षक पंकज पांडेय का विशेष योगदान रहा।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles