CG Crime : फेसबुक के प्रेमी के लिए पति का खौफनाक अंत, पत्नी ने झारखंड से छत्तीसगढ़ लाकर की हत्या



बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। झारखंड निवासी एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले युवक का दुपट्टे से गला घोंटा, फिर चाकू से गला रेतकर शव को रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के सिमडेगा जिले निवासी विनोद लिमगा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी पूनम लिमगा की पहचान फेसबुक के जरिए झारखंड निवासी सुगड़ तोपड़ो से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले पूनम अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी, हालांकि बाद में वापस लौट आई।
पुलिस जांच में सामने आया कि घर लौटने के बाद पूनम ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत सुगड़ तोपड़ो ने विनोद को फोन कर सिरगिट्टी आने पर 10 हजार रुपए देने और पत्नी को छोड़ने की बात कही। इस लालच में आकर विनोद 19 मई को पत्नी पूनम के साथ बिलासपुर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि सिरगिट्टी पहुंचने के बाद आरोपी प्रेमी और उसके साथियों ने विनोद को रेलवे ट्रैक के पास सुनसान इलाके में ले जाकर पहले दुपट्टे से गला दबाया और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को झाड़ियों और कीचड़ में फेंक दिया गया। हत्या के बाद सभी आरोपी झारखंड लौट गए।
जब पूनम अकेली घर पहुंची तो परिजनों को शक हुआ। उसने परिवार को बताया कि विनोद बिलासपुर में ही रुका हुआ है। इसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी जांच के आधार पर पूनम से पूछताछ की, जिसमें उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सुगड़ तोपड़ो, इंदल मांझी और अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीम झारखंड रवाना हो गई है। मामले की जांच जारी है।











