LIVE UPDATE

CG Mausam Alert : 7 अगस्त से छत्तीसगढ़ में तेज बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

CG Mausam Alert : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बारिश हुई। जांजगीर जिले में सबसे अधिक 44.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि दुर्ग और राजनांदगांव में भी बारिश की गतिविधियाँ दर्ज की गईं।

 

ये भी पढ़ें –रायपुर में मांस-मटन पर बैन, 5 दिन बंद रहेंगी दुकाने,महापौर मीनल चौबे का सख्त आदेश, होटलों में मांस परोसने पर होगी जप्ती की कार्यवाही

 

राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर और राजनांदगांव में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। वहीं, जांजगीर में तापमान सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया, जो गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति को दर्शाता है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गया है, जिसका असर अगले कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ में दिखेगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि देखी जाएगी। मानसून ट्रफ रेखा वर्तमान में उत्तर-पूर्वी भारत के हिस्सों में सक्रिय है, जो धीरे-धीरे मध्य भारत की ओर बढ़ रही है। अगले 24 घंटों में रायपुर में आसमान आंशिक रूप से मेघाच्छादित रहेगा और एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

प्रदेश में अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटों के दौरान किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि उसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। वातावरण में आद्र्रता का स्तर भी उच्च बना रहेगा, जिससे उमस भरी गर्मी की स्थिति बनी रह सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 7 अगस्त से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में और अधिक तेजी आएगी। आगामी सप्ताह में 9 से 12 अगस्त के बीच प्रदेश के कई स्थानों पर भारी वर्षा के साथ वज्रपात की गतिविधियां हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। विशेषकर कृषि और नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

फिलहाल छत्तीसगढ़ में मानसून की यह सक्रियता राहत देने वाली है, लेकिन वज्रपात और तेज वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए सतर्कता बरतना आवश्यक होगा। मौसम विभाग ने ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे बिजली कड़कने या तेज बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और खुले में न निकलें।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles