कलेक्टर-एसपी पहुंचे जिला जेल : लाइब्रेरी और कौशल प्रशिक्षण शुरू करने के दिए निर्देश



लखन हरवानी : बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा और पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने शुक्रवार को जिला जेल बलौदाबाजार का संयुक्त आकस्मिक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बंदियों के पुनर्वास पर जोर देते हुए जेल में कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि सजा के दौरान वे रोजगारपरक हुनर भी सीख सकें।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि, जिला जेल स्वयं वीटीपी के रूप में पंजीकृत है, इसलिए यहां शीघ्र ही प्रशिक्षण शुरू किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से कारपेंट्री और बांस शिल्प (बम्बू आर्ट) के प्रशिक्षण पर जोर देते हुए कहा कि, बंदी विभिन्न कलाकृतियां बनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य, इलाज तथा परिजनों से मुलाकात की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों के लिए अच्छी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु लाइब्रेरी बनाने, आवश्यकता अनुसार पंखे और टीवी की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली, सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी, कार्यपालन अभियंता अनुज शर्मा, सहायक जिला जेल अधीक्षक अभिषेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









