LIVE UPDATE

CAIT महिला विंग द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल

रायपुर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) महिला विंग द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिनांक 15 दिसंबर 2025 को श्याम नगर स्लम क्षेत्र, रायपुर में महिलाओं के लिए दिया एवं मोमबत्ती निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना, उन्हें व्यावहारिक कौशल प्रदान करना तथा स्वदेशी उत्पादों के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को कम लागत में घर बैठे दिया एवं मोमबत्ती निर्माण की तकनीक, कच्चे माल की जानकारी, गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग एवं बिक्री से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम CAIT महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती मधु अरोरा, महामंत्री श्रीमती पिंकी अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रेरणा भट्ट के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। महिला पदाधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकती हैं।

प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षण के दौरान दिए गए मार्गदर्शन को गंभीरता से अपनाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने CAIT महिला विंग द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होंगे।

CAIT महिला विंग ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वरोजगार एवं कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles