CG Crime : खाना बनाने को लेकर हुआ विवाद, पति ने गला दबाकर पत्नी को उतारा मौत के घाट; आरोपी गिरफ्तार



CG Crime : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खाना बनाने जैसे मामूली घरेलू विवाद में एक पति हैवान बन गया और उसने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें – बदल गया एंड्रॉयड फोन का डायलर, Google के नए अपडेट ने यूजर्स को किया हैरान! जानें क्या हैं नए बदलाव और क्यों हुआ ऐसा
मामले का खुलासा करते हुए नेवई थाना पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार, 23 अगस्त 2025 की दोपहर लगभग 12 बजे की है। स्टेशन मरोदा स्थित एचएससीएल कॉलोनी में गायत्री ठाकुर के मकान में एकल कुमार दुबे उर्फ राजेश अपनी पत्नी (मृतिका) दीक्षा दुबे के साथ किराए पर रहता था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर वाद-विवाद होता रहता था।
शनिवार को भी खाना बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी दीक्षा ने अपने पति एकल कुमार के बाल पकड़ लिए। इस बात से आगबबूला होकर पति एकल कुमार ने अपना आपा खो दिया और उसने पत्नी दीक्षा का गला जोर से दबा दिया। दम घुटने के कारण दीक्षा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर नेवई थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक कमलसिंह सेंगर अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति एकल कुमार दुबे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध क्रमांक 257/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए रविवार, 24 अगस्त को आरोपी एकल कुमार दुबे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे माननीय न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से उसे ज्युडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कमलसिंह सेंगर के साथ सहायक उपनिरीक्षक रामचंद्र कंवर, प्रधान आरक्षक क्रमांक 1442 व 1052, और आरक्षक क्रमांक 983 का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कैसे मामूली घरेलू विवाद भी भयानक रूप ले सकते हैं।









