जैनम इंडिया टूर द्वारा “केरल थीम समर कैंप” का आयोजन 14 जून को



रायपुर। राजधानी रायपुर में बच्चों और परिवारों के लिए एक खास सांस्कृतिक एवं मनोरंजक आयोजन “केरल थीम समर कैंप” का आयोजन किया जा रहा है। जैनम इंडिया टूर एवं जैनम एकेडमी द्वारा आयोजित यह विशेष कार्यक्रम 14 जून 2026 को शाम 5 बजे से 7 बजे तक जैनम एकेडमी, रायपुर में संपन्न होगा।
कार्यक्रम की थीम “एक शाम… केरल के नाम” रखी गई है, जिसमें प्रतिभागियों को केरल की संस्कृति, कला और परंपराओं का अनोखा अनुभव मिलेगा। आयोजकों के अनुसार यह वन डे स्पेशल एक्सपीरियंस बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजन, रचनात्मकता और यादगार पलों से भरपूर रहेगा।
समर कैंप में आर्ट एंड क्राफ्ट, फन गेम्स एंड एक्टिविटीज, केरल डेकोर, केरल बोट क्राफ्ट, कथकली आर्ट और सरप्राइज गिफ्ट्स जैसी आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा लाइव सिंगर द्वारा मधुर गीतों की प्रस्तुति, प्रोजेक्टर शो के माध्यम से केरल के बैकवाटर्स, मंदिरों और पहाड़ों का विजुअल टूर तथा केरल फ्यूजन डांस एवं पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
आयोजकों ने बताया कि जैनम इंडिया टूर का उद्देश्य केवल मनोरंजन प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों को भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, कला, खान-पान, वेशभूषा एवं परंपराओं से परिचित कराना भी है। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना के तहत आयोजित इस श्रृंखला में हर बार भारत के एक अलग राज्य को थीम के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इससे बच्चों को मनोरंजन और गतिविधियों के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विविधता की जानकारी भी प्राप्त होगी। जो बच्चे और परिवार विभिन्न राज्यों की यात्रा नहीं कर पाते, वे भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से भारत की समृद्ध संस्कृति और विशेषताओं को करीब से जान और समझ सकेंगे।
यह कार्यक्रम 3 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बच्चों के लिए खुला रहेगा। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम की एंट्री फीस मात्र 199 रुपये रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक अनुभव का हिस्सा बन सकें।










