LIVE UPDATE

मोदी सरकार का बजट मध्यम वर्ग के लिए ‘छलावा’ और महंगाई बढ़ाने वाला : कन्हैया

​रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने आज संसद में पेश किए गए आम बजट 2026-27 को पूरी तरह से निराशाजनक और जनविरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल निम्न मध्यमवर्गीय और मध्यमवर्गीय परिवारों की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला है, बल्कि महंगाई पर नियंत्रण पाने के लिए इसमें किसी ठोस योजना का कोई उल्लेख तक नहीं है।
​प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कन्हैया अग्रवाल ने बजट की आलोचना करते हुए कहा कि बजट में मध्यम वर्ग को टैक्स स्लैब या अन्य रियायतों के मामले में कोई वास्तविक राहत नहीं दी गई है। वेतनभोगी वर्ग आज भी भारी भरकम टैक्स और घटती बचत से जूझ रहा है।

महंगाई पर चुप्पी: पूरे बजट भाषण में महंगाई को नियंत्रित करने के लिए किसी प्रभावी कदम का जिक्र नहीं किया गया। खाद्य वस्तुओं और आवश्यक सेवाओं की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार ने इस ओर आंखें मूंद ली हैं।

शेयर बाजार की निराशा: शेयर बाजार की आज की प्रतिक्रिया यह बताने के लिए पर्याप्त है कि निवेशकों और आर्थिक विशेषज्ञों को इस बजट से जो उम्मीदें थीं, वे धराशायी हो गई हैं। एसटीटी (STT) में बढ़ोतरी और कैपिटल गेन्स टैक्स संबंधी अनिश्चितताओं ने निवेशकों के विश्वास को हिला दिया है।

विकास का खोखला दावा: कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि सरकार केवल ‘विकसित भारत’ के नाम पर आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है, जबकि धरातल पर बेरोजगारी और आर्थिक असमानता चरम पर है।

​उन्होंने आगे कहा, “यह बजट ‘अमीर समर्थक और गरीब विरोधी’ है। छत्तीसगढ़ की जनता और देश का मध्यम वर्ग इस दिशाहीन बजट के लिए केंद्र सरकार को कभी माफ नहीं करेगा।
​कन्हैया अग्रवाल ने कहा, भाजपा सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसके लिए छत्तीसगढ़ केवल संसाधनों के दोहन का केंद्र है, विकास का नहीं। इस बजट में राज्य की जनता की उम्मीदों को दरकिनार किया गया है, जिसका जवाब प्रदेश की जनता समय आने पर देगी ।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles