सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने योग को सशक्त माध्यम बतायाः बलौदाबाजार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई



लखन हरवानी : बलौदाबाजार। बलौदाबाजार में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल थे।’स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर आधारित इस आयोजन में अधिकारी-कर्मचारी और स्कूली बच्चों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर सांसद अग्रवाल ने सभी उपस्थित लोगों को स्वस्थ शरीर और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज विश्व के लगभग 177 देशों में योगाभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने योग को भारत की प्राचीन जीवन पद्धति बताया, जिसमें ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना निहित है।
योग से स्वास्थ्य के साथ जीवन में खुशहाली और समृद्धि का संदेश




सांसद ने जोर दिया कि योग केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में खुशहाली और समृद्धि भी लाता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बच्चों और युवाओं की फास्ट फूड तथा जिम के प्रति बढ़ती रुचि पर चिंता व्यक्त की, जिससे शारीरिक अस्वस्थता और मानसिक तनाव बढ़ रहा है।सांसद ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग हमें निरोग रखता है और खुशी प्रदान करता है।
योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने योग को हमारा अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि योग से तन-मन स्वस्थ होने के साथ ही अनुशासन और संयम भी आता है, जो जीवन में शांति और समृद्धि के लिए आवश्यक है। कलेक्टर ने भी योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
सामूहिक योगाभ्यास
सामूहिक योगाभ्यास के दौरान योग प्रशिक्षक दीपांशु प्रसून वर्मा और उनकी टीम ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योग अभ्यास कराए। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन और शवासन का अभ्यास कराया गया।









