अंगदान के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर 25 अक्टूबर को होगा आईएलएस वॉकथॉन 2.0

चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम के साथ मरीन ड्राइव में सुबह 6 बजे होगा आयोजन

रायपुर। अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर द्वारा 25 अक्टूबर को ‘आईएलएस वॉकथॉन 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम पर आयोजित यह वॉकथॉन सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव, रायपुर में शुरू होगा। इसके माध्यम से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सामाजिक संगठनों को अंगदान के प्रति जागरूकता अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

आईएलएस हॉस्पिटल की 26 वर्षों की सेवा यात्रा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इस पहल का उद्देश्य अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को इसके महत्व के प्रति जागरूक करना है। अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण आज भी कई लोग इसके महत्व और प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी नहीं रखते।

वॉकथॉन के आयोजन को लेकर 23 अक्टूबर को पचपेड़ी नाका स्थित आईएलएस हॉस्पिटल के छठे तल पर बने कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें आईएलएस हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल, सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया, रीनल साइंस एवं ट्रांसप्लांट फिजिशियन के क्लिनिकल लीड डॉ. प्रवाश चौधरी, यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हर्ष जैन, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. हनीश शर्मा, पैंक्रियाटिक सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हितेश दुबे तथा इंचार्ज-क्रिटिकल केयर डॉ. अभिषेक सिंह उपस्थित रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में वॉकथॉन के उद्देश्यों, आयोजन की तैयारियों, प्रमुख गतिविधियों और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर जानकारी साझा की गई। इस अभियान के जरिए लोगों को अंगदान के संबंध में सही जानकारी देने, समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और अधिक से अधिक लोगों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जाएगा।

आईएलएस हॉस्पिटल और स्टार हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम की संयुक्त पहल भी इस अभियान का हिस्सा है। अनुभवी चिकित्सक डॉ. एम. श्रीनिवास रेड्डी एवं डॉ. एस. रघुराम रेड्डी के नेतृत्व में यह प्रयास अंगदान के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ के संदेश के साथ आयोजित होने वाला आईएलएस वॉकथॉन 2.0 लोगों को यह समझाने का प्रयास करेगा कि अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाना समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आयोजकों की अपील है कि लोग स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी अंगदान के महत्व के बारे में जानकारी देकर इस जीवनदायी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।

Advertisement

Related Articles