बड़ी राहत: GST की नई दरें कल से लागू, कार, AC से लेकर घी-मक्खन तक 375 वस्तुएं हुईं सस्ती

नई दिल्ली। देश भर के करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए त्योहारी सीजन की शुरुआत एक बड़ी खुशखबरी के साथ हो रही है। केंद्र और राज्यों की जीएसटी परिषद द्वारा तय की गईं जीएसटी की नई दरें 22 सितंबर, सोमवार से देशभर में लागू हो रही हैं। नवरात्रि के पहले दिन से लागू हो रहे इस फैसले के बाद रसोई के जरूरी सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाओं और ऑटोमोबाइल समेत लगभग 375 वस्तुओं की कीमतें कम हो जाएंगी, जिससे आम आदमी की जेब पर बोझ घटेगा।
ये भी पढ़ें – CG Accident : दो दोस्तों की में मौत, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में घुसी
रसोई का बजट होगा कम, FMCG कंपनियों ने घटाए दाम
जीएसटी दरों में कटौती का सबसे बड़ा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ेगा। घी, पनीर, मक्खन, नमकीन, केचप, जैम, सूखे मेवे, कॉफी और आइसक्रीम जैसी रोजमर्रा की उपभोग की वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी। देश की सबसे बड़ी डेयरी कंपनी अमूल ने अपने 700 से ज्यादा उत्पादों की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। अब 610 रुपये किलो वाला घी 40 रुपये सस्ता होकर 570 रुपये में मिलेगा। वहीं, 100 ग्राम मक्खन 62 रुपये की जगह 58 रुपये और 200 ग्राम पनीर 99 रुपये की जगह 95 रुपये में उपलब्ध होगा। पैकेज्ड दूध की कीमतों में भी दो से तीन रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है। इससे पहले मदर डेयरी भी दाम घटाने की घोषणा कर चुकी है।
कार और टू-व्हीलर खरीदना हुआ सस्ता
त्योहारी सीजन में वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह सबसे अच्छी खबर है। जीएसटी दरों में कटौती के बाद देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनियां मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और हुंडई मोटर इंडिया ने अपने वाहनों की कीमतें घटाने का ऐलान किया है। इसी तरह, लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज और बीएमडब्ल्यू के साथ-साथ प्रमुख टू-व्हीलर कंपनियों ने भी कीमतों में कटौती की है, जो आज से प्रभावी हो गई है।
AC, डिशवॉशर हुए 8,000 रुपये तक सस्ते
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी जीएसटी कटौती का असर दिखने लगा है। वोल्टास, डाइकिन, हायर, गोदरेज और पैनासोनिक जैसी कंपनियों ने एयरकंडीशनर (AC) और डिशवॉशर की कीमतों में 1,610 रुपये से लेकर 8,000 रुपये तक की बड़ी कटौती की है। गोदरेज अप्लायंसेज ने अपने कैसेट और टावर एसी पर 8,550 से 12,450 रुपये तक दाम घटाए हैं। कंपनियों को उम्मीद है कि नवरात्रि और दिवाली के दौरान उनकी बिक्री में 10% से ज्यादा की बढ़ोतरी होगी।
दवाओं से लेकर घर बनाने के सामान तक पर राहत
इस फैसले से स्वास्थ्य और निर्माण क्षेत्र को भी बड़ी राहत मिली है। अधिकतर दवाओं, ग्लूकोमीटर और डायग्नोस्टिक किट जैसे चिकित्सा उपकरणों पर जीएसटी घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया है। सरकार ने दवा की दुकानों को निर्देश दिया है कि वे संशोधित एमआरपी के साथ ही उत्पाद बेचें। इसके अलावा, घर बनाने वालों के लिए भी खुशखबरी है, क्योंकि सीमेंट पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे निर्माण लागत में कमी आएगी।
सौंदर्य और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी सस्ती
हेयर ऑयल, साबुन, शैंपू, टूथपेस्ट जैसे दैनिक उपयोग के उत्पादों पर कर 12/18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा, टैल्कम पाउडर, शेविंग क्रीम, आफ्टर-शेव लोशन जैसे उत्पादों पर भी जीएसटी 18% से घटाकर 5% कर दिया गया है, जिससे ये सभी उत्पाद अब सस्ते मिलेंगे। सेवाओं की बात करें तो सैलून, फिटनेस सेंटर और योग जैसी सेवाओं पर जीएसटी 18% से घटाकर बिना इनपुट टैक्स क्रेडिट के 5% कर दिया गया है।
शिकायतों के लिए सरकार ने बनाया विशेष पोर्टल
सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि जीएसटी कटौती का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचे। इसके लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) के इनग्राम पोर्टल पर एक समर्पित श्रेणी बनाई गई है, जहां कोई भी उपभोक्ता घटी हुई कीमतों का लाभ न मिलने पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।









